पूर्वी दिल्ली से 15 मिनट में पहुंचे साउथ दिल्ली...खुल गया मयूर विहार-बारापूला सिग्नल फ्री कॉरिडोर
दिल्लीवालों...अब फर्राटा भरो। क्योंकि पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी जाना हो या फिर एयरपोर्ट। अब मिनटों में पहुंच जाएंगे। मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर के फेज 3 का उद्घाटन किया। यह कॉरिडोर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार को सराय काले खां के रास्ते दक्षिणी दिल्ली समेत AIIMS से जोड़ता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका सिग्नल फ्री होना है। एक्सपर्ट की मानें तो बारापुला फेज 3 शुरू होने के बाद मयूर विहार और नोएडा की तरफ से दक्षिणी दिल्ली जाने वालों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली पहुंचने में पहले करीब 40 मिनट लगते थे वहीं अब यह समय घटकर लगभग 15 मिनट रह जाएगा।
जानकारी के अनुसार बारापुला फेज 3 मौजूदा बाबा बंदा बहादुर सेतू यानी बारापुला फ्लाईओवर से सराय काले खां पर जुड़ता है। आमतौर पर पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए वाहन चालकों को डीएनडी का सहारा लेना पड़ता है। डीएनडी पर तो जाम लगता ही है आश्रम, लाजपत नगर, साउथ एक्स का जाम झेलकर लोग एम्स पहुंचते हैं। लेकिन अब बारापुला फेज 3 स्टार्ट होने से पूर्वी दिल्ली की तरफ से एम्स जाने वालों को कई सिग्नल और जाम से बचने का रास्ता मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो प्रोजेक्ट का मुख्य एलिवेटेड स्ट्रेच करीब 3.5 किलोमीटर है।
बारापुला फेज-3 प्रोजेक्ट को तत्कालीन सरकार ने दिसंबर 2014 में मंजूरी दी थी। इसपर निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ। जब इस प्रोजेक्ट को शुरू किया गया था तब इसकी डेडलाइन 30 महीने थी। यानी यह पूरा प्रोजेक्ट 2017 तक बनकर तैयार हो जाना था लेकिन कभी जमीन तो कभी पर्यावरण मंजूरी मिलने में देरी आदि कई अन्य कारणों से प्रोजेक्ट डिले होता गया। परियोजना के डिले होने की वजह से इसकी लागत भी बढ़ती गई। इसका शुरुआती बजट करीब 1,260.63 करोड़ था जो बाद में 1,635.03 करोड़ तक बढ़ गया। अब यह परियोजना करीब 11 साल बाद पूरी हुई है। इसे आप इस तरह भी कह सकते हैं कि जिस प्रोजेक्ट को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य दिल्ली सरकार का था उसे पूरा करने में करीब एक दशक लग गए।