अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 के बैनर तले विजयदशमी का पावन पर्व बेहद धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। कमेटी के चेयरमैन अनिल गुप्ता और कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र नागपाल ने बताया कि धर्म की अधर्म पर और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक इस पर्व पर आज 100 फीट ऊंचे रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का अग्नि तीर चलाकर दहन किया गया। पुतला दहन के बाद लीलामंचन के तहत भरत मिलाप और भगवान श्री राम का राजतिलक संपन्न हुआ, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
अयोध्या की तर्ज पर सजा अशोक विहार और भव्य शोभायात्रा
कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र नागपाल और शोभा यात्रा अध्यक्ष अर्जुन गोयल, सुरक्षा अध्यक्ष पवन गोयल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर पूरी अयोध्या नगरी की तर्ज पर अशोक विहार क्षेत्र को सजाया गया था। जगह-जगह आकर्षक तोरण द्वार और सुंदर प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) से पूरा इलाका जगमग कर रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा घरों के बाहर प्रसाद वितरण किया गया।

हाथी, ऊंट और रंग-बिरंगी झांकियों के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा जिन-जिन प्रमुख मार्गों से गुजरी, वहाँ स्थानीय जनता ने पुष्पवर्षा कर उसका स्वागत किया। शोभा यात्रा अशोक विहार के बाजारों और मुख्य मार्गों से होते हुए रामलीला स्थल पर पहुँची, जहाँ प्रमुख सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की मौजूदगी में प्रभु श्री राम का राजतिलक और भरत मिलाप का कार्यक्रम हुआ। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुँचे थे।
दिग्गज नेताओं की रही विशेष उपस्थिति
अशोक विहार रामलीला के इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए कई दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शोभा यात्रा और रामलीला समारोह में दिल्ली के सांसद बांसुरी स्वराज, सांसद मनोज तिवारी, मनजिंदर सिंह सिरसा, विष्णु मित्तल और एडीएम राजीव रंजन ने शामिल होकर प्रभु श्री राम का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।