Delhi Ramlila Update: देश-विदेश में विख्यात लाल किला ग्राउंड की लव कुश रामलीला में इन दिनों मंचन के दौरान अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहे हैं। लीला के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ग्राउंड में लगाई गई विशाल क्रेनों की मदद से जब 220 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से हनुमान जी विशाल पेड़-पौधों और चमकती संजीवनी बूटी के साथ उतरे, तो पूरा नजारा देखते ही बनता था।
आकाश मार्ग से आ रहे इस दुर्लभ और मनोहारी दृश्य को देखने के बाद ग्राउंड में मौजूद हर दर्शक ने अपने मोबाइल कैमरे से इसे कैद करना शुरू कर दिया। उस वक्त पूरा लीला ग्राउंड मोबाइल की चमकती हुई बैटरियों की रोशनी से जगमगाता नजर आया। इसके बाद, लीला में सुषेण वैद्य की भूमिका निभा रहे अपोलो हॉस्पिटल के विख्यात डॉक्टर अशोक शर्मा द्वारा इस बूटी से जब लक्ष्मण जी की मूर्च्छा को ठीक किया गया, तो सभी राम भक्तों ने 'जय श्री राम' के गगनभेदी उद्घोष लगाए।
अंगद-रावण संवाद और 8 ट्रैक साउंड सिस्टम का जादू
रामलीला मंचन के एक अन्य बेहद रोमांचक दृश्य में, जब महाबली अंगद रावण के दरबार में पहुंचे और उनके बीच तीखी तकरार हुई। इसके बाद अंगद ने अपना पैर जमीन पर जमाकर रावण के सभी योद्धाओं को उसे हिलाने या हटाने का खुला चैलेंज दिया। दरबार का कोई भी योद्धा अंगद का पैर नहीं हिला सका, तब खुद रावण आगे आया। इस पर अंगद ने तंज कसते हुए कहा— "अगर पांव को ही हाथ लगाना है, तो जाकर श्री राम के चरणों में हाथ लगाओ।"
इस ऐतिहासिक और दमदार सीन को 8 ट्रैक साउंड सिस्टम के साथ बेहद प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया, जिसे देखकर राम भक्त अपनी जगह टकटकी बांधे देखते रह गए।

असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने लिया आशीर्वाद
लीला अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने आगे बताया कि इस भव्य आयोजन का अवलोकन करने के लिए असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री अशोक सिंघल विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने प्रभु श्रीराम की लीला का आनंद लिया और राम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंच पर आज मुख्य रूप से— हनुमान वापसी, विभीषण का श्री राम की शरण में जाना, रामेश्वरम की स्थापना, रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण जी का मूर्छित होना, सुषेण वैद्य का आगमन, हनुमान जी का संजीवनी बूटी लेकर आना और अंगद संवाद तक की लीलाओं का बहुत ही सजीव और प्रभावशाली मंचन किया गया।
गणमान्य अतिथियों का सम्मान
महाचिव सुभाष गोयल ने बताया कि असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों को कमेटी की ओर से पारंपरिक स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सर्वश्री पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य सम्मानित पदाधिकारी और बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे।