चाहे पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाना हो या फिर गाजियाबाद, नोएडा से दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना.... सराय काले खां के जाम में फंसना दिल्ली-एनसीआर वालों की नियती बन गई है। लेकिन अब बहुत जल्द सराय काले खां जाम के कारणों का ना केवल पता लगने वाला है बल्कि समाधान की दिशा में भी सरकार कदम बढ़ाएगी।
दिल्ली सरकार सराय काले खां में लगने वाले जाम का एआई से अध्ययन कराएगी। सूत्रों की मानें तो सरकार एआई आधारित ट्रैफिक सिमुलेशन स्टडी के विकल्प पर विचार कर रही है।
दिल्ली का बड़ा जंक्शन
सराय काले खां पर दिल्ली मेट्रो, रेलवे और आईएसबीटी जैसी प्रमुख परिवहन सुविधाएं मौजूद हैं। इसलिए भी यहां बहुत अधिक भीड़ लगती है। सुबह और शाम के समय तो हालात यह हो जाते हैं कि पैर रखना भी मुश्किल होता है।
बेतरतीब खड़े वाहन भी जाम का सबब
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए सराय काले खां पर कट दिया गया है। लेकिन बाहर निकलते ही थोड़ी दूरी पर लेफ्ट टर्न है। यहीं पर लोग मथुरा रोड या आईटीओ की तरफ जाने के लिए भी रांग टर्न लेते हैं। इसकी वजह से भी लंबा जाम लग जाता है।
प्रतिदिन यात्रा करने वाले संदीप कहते हैं कि वो गाजियाबाद से प्रतिदिन ग्रीन पार्क एक्सटेंशन तक सफर करते हैं। ग्रीन पार्क में उनका ऑफिस है। बकौल संदीप, सराय काले खां पर रांग टर्न से बहुत जाम लगता है। आईटीओ या यूं कहें कि मध्य दिल्ली जाने के लिए लोग गलत दिशा में वाहन दौड़ा देते हैं, पुलिस कई बार देखती रह जाती है।
प्राइवेट बसें भी कारण
सराय काले खां फ्लाईओवर के नीचे बड़ी संख्या में ऑटो, प्राइवेट बसें खड़ी रहतीं है। ये बसें भी जाम का बहुत बड़ा कारण बन रही है। पीक ऑवर्स में इन बसों की वजह से वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है।