Delhi Rice Scam Allegations: 'चावल' पर दिल्ली की सियासत गर्म, AAP ने लगाया 22 हजार करोड़ का आरोप तो BJP ने दी चेतावनी
'चावल' पर दिल्ली की सियासत गर्म: AAP का ₹22,000 करोड़ के घोटाले का बड़ा दावा, BJP बोली- 'माफी मांगो वरना होगी कानूनी कार्रवाई'
Delhi Politics: दिल्ली की सियासत में भ्रष्टाचार के आरोपों का अंजाम तो हम देख ही चुके हैं। कभी शराब और शीशमहल के आरोपों के चक्कर में आम आदमी पार्टी को कुर्सी तक गंवानी पड़ी थी। शायद आम आदमी पार्टी इस बात को बखूबी जानती है। यही वजह है कि एक साल पुरानी रेखा गुप्ता सरकार पर आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सदैव मुखर रहती है। हेल्थ डिपार्टमेंट, साईकिल खरीद घोटाले के बाद अब आप पार्टी ने बीजेपी सरकार पर चावल घोटाले का आरोप लगा दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर चावल खरीद प्रक्रिया में करोड़ों रुपये के घोटाले का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
दूसरी ओर, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए AAP नेताओं को झूठ फैलाने के लिए कानूनी कार्रवाई की सख्त चेतावनी दी है।
AAP का दावा: 22 हजार करोड़ का घोटाला और दलाली का खेल
आप नेता और दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए।
- 31 हजार मीट्रिक टन चावल का खेल: सौरभ भारद्वाज का दावा है कि प्रति सप्ताह 31,000 मीट्रिक टन चावल 23 रुपये प्रति किलो के हिसाब से FCI के गोदामों से खरीदा जाना था।
- दोगुनी कीमत पर बेचने की योजना: आरोप है कि इस चावल को हरियाणा की एक निजी संस्था को 46 रुपये प्रति किलो के दाम पर बेचने का प्लान तैयार किया गया था।
- दलाली का आरोप: AAP का कहना है कि इस पूरे सौदे में करीब 11,000 करोड़ रुपये का कमीशन तय हुआ था और यह पूरा मामला 22,000 करोड़ रुपये का महा-घोटाला है।
BJP का करारा पलटवार: 'राजनीतिक रूप से हताश हो चुके हैं केजरीवाल और सौरभ'
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इन दावों को पूरी तरह बेबुनियाद और अनर्गल बताया है।
- सिरसा की सख्त चेतावनी: मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली सरकार में किसी तरह का कोई घोटाला नहीं हुआ है। सौरभ भारद्वाज और संजीव झा झूठ की राजनीति बंद करें और तुरंत माफी मांगें, वरना कोर्ट के चक्कर काटने को तैयार रहें।
- हताशा में लगा रहे आरोप: भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों, महिलाओं के लिए लागू योजनाओं और पंजाब में AAP की हार की आशंका के चलते अरविंद केजरीवाल की पूरी टीम बौखला गई है।
- जनता सिखाएगी सबक: बीजेपी ने कहा कि आप नेता अपनी साख खो चुके हैं और केवल खबरों में बने रहने के लिए 'आरोप लगाओ और भागो' की पुरानी नीति अपना रहे हैं।
FAQ
Q1. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर चावल खरीद को लेकर क्या आरोप लगाए हैं?
उत्तर: AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि FCI से 23 रुपये/किलो के हिसाब से चावल खरीदकर हरियाणा की संस्था को 46 रुपये/किलो में बेचने का प्लान था, जो 22,000 करोड़ का घोटाला है।
Q2. भाजपा और दिल्ली सरकार का इन आरोपों पर क्या रुख है?
उत्तर: मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और बीजेपी ने इन आरोपों को मनगढ़ंत बताया है और AAP नेताओं को बिना शर्त माफी मांगने या मानहानि के केस का सामना करने की चेतावनी दी है।